उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति-पत्र वितरित किए। नियुक्ति-पत्र पाकर चयनित शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।वाराणसी के अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में प्रवक्ता (पीजीटी) पद पर चयनित आंचल शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति-पत्र मिलना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में महिलाओं को बिना भेदभाव रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और महिला सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

टीजीटी संस्कृत पद पर चयनित ममता मौर्या ने कहा कि वह 2005 से शिक्षक बनने के लिए प्रयास कर रही थीं। उनके मुताबिक, पहले परीक्षाएं रद्द होने और परिणाम में देरी जैसी समस्याएं सामने आती थीं, लेकिन अब चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हुई और उन्हें नियुक्ति-पत्र मिला।मऊ के शिवम बरनवाल और आजमगढ़ के गोपाल प्रजापति ने भी नियुक्ति मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और समयबद्ध चयन प्रक्रिया से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। गोरखपुर की ऊषा सिंह और अमेठी के शिव प्रसाद मिश्रा ने भी नियुक्ति-पत्र मिलने पर मुख्यमंत्री और शिक्षा सेवा चयन आयोग के प्रति आभार जताया।
