ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। जेवर एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास करीब 35 किलोमीटर माइलस्टोन के नजदीक चलती डबल डेकर स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई।बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे और बस नोएडा से महोबा की ओर जा रही थी। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बस से बाहर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। कुछ यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि अंदर फंसे यात्रियों के शव बुरी तरह जल गए। राहत और बचाव टीमों ने बस की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला।फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बस में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। जेवर थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
