आगामी दीपावली पर अयोध्या में होने वाला दीपोत्सव-2026 इस बार भी भव्य और अलौकिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। रामनगरी में 26 लाख 50 हजार 101 दीयों के प्रज्ज्वलन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए राम की पैड़ी समेत अयोध्या के 56 घाटों पर दीप जलाए जाएंगे। करीब 35 हजार वालंटियर्स इस भव्य दीप प्रज्ज्वलन अभियान का हिस्सा बनेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दीपोत्सव को भव्य, दिव्य और अलौकिक स्वरूप दिया जाए।
इस बार दीपोत्सव में ड्रोन लाइट शो और ग्रीन फायर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। राम की पैड़ी मंच से ड्रोन लाइट शो होगा, जबकि सरयू आरती स्थल के मंच से ग्रीन फायर शो आयोजित किया जाएगा। रामकथा पार्क में देश-विदेश की रामलीलाओं का मंचन होगा। इंडोनेशिया, थाईलैंड, रूस, नेपाल और श्रीलंका समेत अन्य देशों के रामलीला दल यहां प्रस्तुति देंगे।
दीपोत्सव के दौरान 240 से अधिक प्रमुख मंदिरों और मठों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं अयोध्या के 25 प्रमुख चौराहों पर उद्योग और व्यापार संगठनों की ओर से दीप जलाए जाएंगे। अलग-अलग स्थानों पर लाइटिंग की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के करीब 1000 लोक कलाकार सांस्कृतिक शोभायात्रा में हिस्सा लेंगे। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, बिहार, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के कलाकार रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
दीपोत्सव क्षेत्र में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, लाइटिंग, सामग्री, वालंटियर्स की व्यवस्थाओं, इवेंट मैनेजमेंट और अन्य तैयारियों पर करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्रदेश सरकार की तैयारियों में दीपोत्सव को सिर्फ दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित न रखकर रामायण, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं के भव्य वैश्विक मंच के रूप में प्रस्तुत करने पर जोर है। इस बार आयोजन को पारंपरिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की जगह ‘अयोध्या दीपोत्सव रिकॉर्ड’ के नाम से पहचान देने की तैयारी है।
