अंत्योदय’ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन कर उनके प्रति श्रद्धा निवेदित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रचिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित विकास की ऐसी अवधारणा प्रस्तुत की, जिसमें समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
उनका चिंतन समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास की दिशा में मार्गदर्शन करता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी समावेशी, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।

