UPPSC-2025 मेंस के सफल अभ्यर्थियों के लिए मॉक इंटरव्यू, योगी सरकार ने बढ़ाया आत्मविश्वासलखनऊ, 24 सितंबर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू की तैयारी कराने पर योगी सरकार का विशेष फोकस है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) से जुड़े आईएएस-पीसीएस अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू लेकर उनकी तैयारियों को परखा।
मॉक इंटरव्यू के दौरान विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और उनकी विषयगत समझ, जवाब देने की क्षमता, आत्मविश्वास तथा व्यक्तित्व प्रस्तुति का आकलन किया। अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार के माहौल का अनुभव कराने के साथ इंटरव्यू की बारीकियों से भी अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने सवालों का जवाब देते समय संतुलित और स्पष्ट दृष्टिकोण रखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने व्यक्तित्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के सुझाव दिए।
मॉक इंटरव्यू का उद्देश्य केवल सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की वास्तविक स्थिति समझने और उसमें सुधार का अवसर देना भी रहा। विशेषज्ञों ने बातचीत के दौरान अभ्यर्थियों की कमजोरियों और सुधार की संभावनाओं को चिन्हित कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इससे अभ्यर्थियों को वास्तविक इंटरव्यू से पहले अपनी कमियों पर काम करने का अवसर मिला।समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह के मुताबिक, नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों और योजनाओं से जुड़े अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। इसमें छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों के साथ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अभ्यर्थियों ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भी मॉक इंटरव्यू का अवसर दिया गया।कार्यक्रम के जरिए अभ्यर्थियों को विशेषज्ञों से सीधे फीडबैक मिला, जिससे वे आगामी पीसीएस इंटरव्यू के लिए अपनी तैयारी, व्यक्तित्व प्रस्तुति और आत्मविश्वास को और बेहतर कर सकें।

