बिजनौर में हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। धामपुर के दुर्गा विहार कॉलोनी के पास तेज रफ्तार आई-10 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार से जा टकराई। हादसे में आई-10 सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, धामपुर की स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी गौतम (23), सुमित (24), शुभम सैनी और वासु देर रात करीब 12 बजे नगीना से धामपुर लौट रहे थे। दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार सामने से आ रही अर्टिगा से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने गौतम और सुमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम सैनी और वासु को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। अर्टिगा सवार लोगों को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। सुमित चार बहनों का इकलौता भाई था, जिससे उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

