पद्मश्री एवं पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह ने अपनी पुस्तक ‘संघर्ष’ के विमोचन के अवसर पर कहा कि पुलिस सेवा समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सिद्धांतों पर अडिग रहना और पीड़ित के प्रति संवेदनशील रहना ही पुलिस सेवा की असली कसौटी है।
प्रकाश सिंह ने बताया कि ‘संघर्ष’ आत्मकथा नहीं, बल्कि उनके 35 वर्ष के सेवाकाल के अनुभवों, चुनौतियों और उनसे मिली सीख का संकलन है। नगालैंड और असम में उग्रवाद, उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और पंजाब में आतंकवाद जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने के अनुभवों को उन्होंने पुस्तक में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास आने वाले पीड़ित की समस्या दूर करना और उसके आंसू पोंछना समाज सेवा का अवसर है। पीड़ित का आशीर्वाद किसी ईश्वर के आशीर्वाद से कम नहीं होता।स्वामी धर्मबंधु ने प्रकाश सिंह को कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रीयता और ईमानदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी वर्दी में एक नागरिक है और हर नागरिक बिना वर्दी का पुलिसकर्मी है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि समारोह में पुलिसकर्मियों के शौर्य के सम्मान के साथ सड़क सुरक्षा और पुलिस आधुनिकीकरण को भी मजबूती दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जनवरी से अगस्त 2026 के बीच पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में 7.89 प्रतिशत और मौतों में 9.08 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक उपकरणों से लैस 87 इंटरसेप्टर वाहनों को रवाना किया। इनमें स्पीड गन, ब्रीथ एनालाइजर और 360 डिग्री कैमरा जैसी सुविधाएं हैं।

