उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 85 के पास अंबरपुर टोल प्लाजा के निकट दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी वोल्वो बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन से चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है। मृतक और घायल सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बस के बाएं हिस्से में ज्यादा नुकसान होने के कारण उसी तरफ बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरी ओर बैठे कई यात्री सुरक्षित बच गए।हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

