प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश ने सितंबर 2026 में देश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश में एक महीने में 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए। इस दौरान आंध्र प्रदेश 69,813 इंस्टॉलेशन के साथ दूसरे और महाराष्ट्र 60,907 इंस्टॉलेशन के साथ तीसरे स्थान पर रहा। गुजरात में 45,616 और केरल में 30,315 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित हुए।
सितंबर में उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए। 30 सितंबर को एक ही दिन में प्रदेश में 3,389 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। देशभर में सितंबर के दौरान कुल 4,38,815 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हुए, जिसमें अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत रही।30 सितंबर 2026 तक प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना के तहत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं, जिनकी कुल क्षमता 2,911.39 मेगावाट है। संचयी स्थापना के मामले में गुजरात 8,70,152 इंस्टॉलेशन के साथ उत्तर प्रदेश से 2,397 आगे है, जबकि महाराष्ट्र में अब तक 8,27,182 इंस्टॉलेशन हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योजना के राज्यस्तरीय क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है। यूपी नेडा के निदेशक रविंदर सिंह के नेतृत्व में योजना को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। योजना की निर्धारित अवधि 31 मार्च 2027 तक है। अधिकारियों ने पात्र उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है। उपभोक्ता पीएम सूर्य घर के राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

