प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके जन्मस्थान वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ आज उनकी कर्मभूमि काशी में पहुंचेगी और यहीं इसका समापन होगा। यात्रा में शामिल करीब 500 बाइक यात्री काशी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस अवसर पर रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर करीब 2:30 बजे विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे। वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा होगी। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी की ओर से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागियों के काशी आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री बसों से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। यहां सुबह 9 बजे सभागार में उनके स्वागत और अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रियों का तिलक लगाकर, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया जाएगा।इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुना जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बाइक यात्री बसों से मैदागिन पहुंचेंगे। यहां से सभी पैदल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे।पैदल यात्रा में सबसे आगे गुजरात की विभिन्न नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश, यानी कुल 22 कलश रहेंगे। इनके साथ 51 महिलाएं भी चलेंगी। यात्रा में भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी, कार्यकर्ता और बाइक सेवा यात्री शामिल होंगे।
इस दौरान कुल करीब 800 लोगों के शामिल होने की संभावना है।श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसके बाद सभी यात्री रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर करीब 2:30 बजे आयोजित भाजपा की जनसभा में शामिल होंगे। सेवा संकल्प बाइक यात्रा का अगला पड़ाव अयोध्या होगा। 8 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे सभी बाइक यात्री काशी से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या के बाद यात्रा दिल्ली पहुंचेगी, जहां से सभी यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
