मथुरा- वृंदावन में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि परिणय संस्कृत गुरुकुलम में एक छात्र पानी के टैंक की सफाई करने के लिए नीचे उतरा था। टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए चार अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस की चपेट में आने से वे भी बेहोश हो गए।पांचों छात्रों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने मनु कटारे, विशु, देवांश और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष का अस्पताल में इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि पांचों छात्र महर्षि परिणय संस्कृत गुरुकुलम में पढ़ते थे। यह गुरुकुलम वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके में स्थित है और यहां करीब 120 छात्र संस्कृत की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। गुरुकुलम का संचालन आशीष गुरुजी द्वारा किया जाता है।गुरुकुलम की इमारत तीन मंजिला बताई जा रही है, जिसमें करीब 43 कमरे हैं। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, यह गुरुकुलम पिछले करीब तीन वर्षों से संचालित हो रहा है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हादसा किस वजह से हुआ और टैंक में किस प्रकार की जहरीली गैस बनी थी, इसकी जांच की जा रही है।
