हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को हरिद्वार पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की ओर से आयोजित दो दिवसीय इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से जानकारी ली।इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने पंचायती राज विभाग की ओर से आयोजित पंचायत प्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में आता है, ऐसे में गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुदृढ़ बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि होम-स्टे, महिला स्वयं सहायता समूह, कृषि-बागवानी और अंत्योदय से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विपक्ष को अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जब विपक्ष के पास मुद्दों की कमी है तो वह कभी चुनाव आयोग, कभी ईवीएम, कभी प्रशासनिक व्यवस्था और कभी न्यायपालिका पर सवाल उठाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के कई कार्य हो रहे हैं और जनता इन कार्यों को देख रही है।
j
