गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पर अराजकता फैलाने वालों को ढूंढकर ऐसी कठोर सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखेंगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैंपियरगंज के भारीवैसी में 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर गोरखपुर को बड़ी सौगात दी।
सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर सीएम योगी सख्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुई किशोर की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को रोड शो के दौरान हुई अराजकता का शिकार होना पड़ा।
सीएम योगी ने प्रशासन को निर्देश दिया कि घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कें आम जनता के सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की अराजकता के लिए।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मिलने की भी घोषणा की।
माफिया और अराजकता फैलाने वालों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि माफिया और दंगाइयों की सगी समाजवादी पार्टी है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और माफियागिरी करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी ने दोबारा अराजकता फैलाने का दुस्साहस किया तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर क्या बोले योगी?
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हैं, उनमें आमने-सामने मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है।
राम मंदिर और रामभक्तों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वालों को अब अंत समय में मारीच की तरह राम नाम याद आ रहा है।
ओवैसी और विपक्षी गठबंधन पर भी हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा और एआईएमआईएम पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए विपक्षी राजनीति पर टिप्पणी की।
सीएम ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के साथ ही हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मीपुरम बनने का भाग्य भी तय हो जाएगा।
491 करोड़ से बनेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इसके बाद कल्पवृक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक स्थान पर विश्वविद्यालय की कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। निर्धारित समय सीमा में विश्वविद्यालय भवन का निर्माण पूरा कराया जाएगा।
यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर पर सिल्वीकल्चर, एग्रोफॉरेस्ट्री और औद्यानिकी से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे पूर्वांचल के युवाओं को उच्च शिक्षा और शोध के नए अवसर मिलेंगे।
792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का उपहार दिया। इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल अब शिक्षा, शोध और विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
किसानों को मिलेगा विशेष पैकेज, एग्रोफॉरेस्ट्री के नियम होंगे आसान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित अन्नदाताओं को मुआवजे के साथ जल्द ही विशेष पैकेज दिया जाएगा।
उन्होंने एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए इससे जुड़े नियमों में संशोधन करने की बात भी कही, ताकि किसानों को पेड़ आधारित खेती और बागवानी के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
साढ़े नौ वर्षों में लगाए गए 280 करोड़ पौधे
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम आपदाओं के रूप में सामने आता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान 280 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। वहीं, 12 जुलाई 2026 को एक दिन में 35 करोड़ पौधरोपण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पौधरोपण अभियान का उल्लेख किया था।
मंदिरों के पुनरुद्धार को लेकर विपक्ष पर निशाना
सीएम योगी ने पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले दलित, पिछड़े, निषाद, यादव, सैंथवार, वैश्य और ब्राह्मण समाज के लोगों की जमीनों पर कब्जे की शिकायतें सामने आती थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में कब्रिस्तानों की बाउंड्री के लिए सरकारी धन खर्च किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार में 4,500 से अधिक मंदिरों के पुनरुद्धार पर काम किया जा रहा है।
पूर्वांचल बन रहा शिक्षा और शोध का केंद्र: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पूर्वांचल अब पिछड़ेपन से निकलकर शिक्षा और शोध के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और युवाओं को सरकारी नौकरियों के अवसर मिले हैं।
पिछली सरकारों में होता था चहेतों का विकास: संजय निषाद
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारों में केवल अपने चहेतों के विकास पर ध्यान दिया जाता था। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जवानों और किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने गोरखपुर में स्वीकृत मत्स्य विश्वविद्यालय के जल्द उद्घाटन की उम्मीद भी जताई।
निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बना उत्तर प्रदेश: अरुण सक्सेना
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश अपराध नियंत्रण, निवेश और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ के नाम पर रखने का आग्रह किया।
सपा सरकार में अपराध और इंसेफेलाइटिस का बोलबाला: रवि किशन
गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल ने भी अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने रोड शो के दौरान किशोर की मौत का जिक्र करते हुए घटना पर दुख जताया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अपराध और इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर समस्याओं का बोलबाला था, जबकि वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री डॉ. संजय निषाद, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद रवि किशन शुक्ल, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह और ध्रुव कुमार त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

