टीवी और फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह अब हमारे बीच नहीं रहे। 74 साल की उम्र में उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ जैसे सुपरहिट शो से हर घर में अपनी पहचान बनाने वाले इस दिग्गज कलाकार के निधन से पूरे बॉलीवुड और कॉमेडी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा,यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और महान अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया। उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। यह मनोरंजन जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
Also Read-योगी सरकार ने बेटियों के लिए बढ़ाई शादी की रकम , गरीब परिवारों को मिलेगा बड़ा सहारा
25 जून 1951 को मुंबई के एक गुजराती परिवार में जन्मे सतीश शाह का बचपन एक्टिंग से दूर बीता। उन्हें क्रिकेट और बेसबॉल का बेहद शौक था और स्कूल में वे इन खेलों की वजह से काफी लोकप्रिय थे।स्कूल के दिनों में सतीश शाह लॉन्ग जम्प और हाई जम्प के चैंपियन भी रहे। एक्टिंग में उनका आना महज़ एक संयोग था। दरअसल, स्कूल के वार्षिक समारोह में एक हिंदी नाटक के लिए जब कलाकार नहीं मिले, तो शिक्षकों ने उनका नाम सुझा दिया।
शुरुआत में सतीश काफी नर्वस थे, लेकिन शिक्षकों के प्रोत्साहन से उन्होंने मंच पर ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि सभी दंग रह गए — और यहीं से शुरू हुआ एक ऐसे अभिनेता का सफर, जिसने हास्य अभिनय को नई ऊंचाइयां दीं।



