लखनऊ:उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बार फिर अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। STF की टीम ने बरेली में की गई एक बड़ी कार्रवाई में ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो लंबे समय से अवैध अफीम की तस्करी में संलिप्त था। कार्रवाई के दौरान छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 4.131 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
कैंट क्षेत्र में हुई कार्रवाई
STF अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई जनपद बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के विजय द्वार से लगभग 50 मीटर आगे, बरेली जंक्शन की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई। गुप्त सूचना के आधार पर STF की टीम ने वहां घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम तेजराम, अंकित सिंह, शेर सिंह, चंदन यादव, मंटू कुमार और राजकुमार उर्फ देवांश वर्मा बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी संगठित रूप से काम करते थे और अलग-अलग राज्यों में अफीम की सप्लाई करते थे।
ALSO READ:लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग
मारुति फ्रॉन्क्स कार से करते थे तस्करी
STF ने आरोपियों के कब्जे से एक मारुति फ्रॉन्क्स कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल ये लोग अफीम की ढुलाई के लिए करते थे। अफीम को कार के गुप्त खानों में छिपाकर एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजा जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक फैले हुए हैं।
लंबे समय से STF के रडार पर था गिरोह
सूत्रों के अनुसार, STF को इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी काफी समय से मिल रही थी। गिरोह के सदस्य बेहद चालाकी से गाड़ियाँ बदल-बदलकर अफीम की खेप पहुंचाते थे। STF ने गुप्त निगरानी और तकनीकी सर्विलांस के जरिए इनके मूवमेंट को ट्रैक किया और रविवार को टीम ने सफल ऑपरेशन चलाकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुल सकते हैं और नाम
STF अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि यह गिरोह राजस्थान से अफीम लाकर उत्तर प्रदेश और बिहार में सप्लाई करता था। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, सप्लाई चैन और फाइनेंसरों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

अफीम की तस्करी पर बड़ा प्रहार
STF के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। बीते कुछ महीनों में STF ने नशे के कारोबार से जुड़े कई बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।अधिकारियों का कहना है कि सरकार की सख्त नीति के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ अब लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
क्या कहते है अधिकारी
STF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, गिरफ्तार सभी आरोपी संगठित गिरोह के सदस्य हैं जो अंतरराज्यीय स्तर पर अफीम की सप्लाई में सक्रिय थे। इनसे मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





