फिल्म अभिनेता सलमान खान को पाकिस्तान ने आतंकवादी घोषित किया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी भड़क गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान की इस हरकत को घटिया बताया है। दरअसल सलमान खान के एक बयान से पाकिस्तान इस कदर तिलमिलाया कि उसने सलमान खान को अपने देश में आतंकवादी घोषित कर दिया है।
बता दें कि सलमान खान ने हाल ही में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित Joy Forum 2025 नाम से आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की थी। वहां उन्होंने मिडिल ईस्ट विशेष रूप से सऊदी अरब में काम करने वाली दक्षिण एशियाई कम्युनिटी का जिक्र करते हुए कहा था कि ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है। इसी बयान पर पाकिस्तान भड़का हुआ है।
ALSO READ:वन विलेज वन प्रोडक्ट परियोजना की तैयारी, ग्रामीण आत्मनिर्भरता की नई पहल
दरअसल पाकिस्तान बलूचिस्तान पर अपना कब्जा जताता है। सलमान खान के बयान से पाकिस्तान इस कदर बौखलाया कि उसने सलमान खान को आतंकवादी करार दिया है। वहीं इस बयान पर उत्तर प्रदेश के रामपुर से सपा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पाकिस्तान अपनी घटिया हरकतों से बाज आए, यह सब बर्दाश्त नहीं होगा।
नदवी ने कहा कि भारत की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। सलमान खान तो फिर भी दिग्गज कलाकार हैं, अगर पाकिस्तान ने भारत के किसी एक आम नागरिक को भी आतंकवादी बताया होता तो भी ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कौन होता है उसे ये अधिकार किसने दिया? उसके कहने से कोई इतने बड़े अभिनेता को आतंकवादी नहीं मान लेगा। वो देश क्या बात करेगा जहां लोकतंत्र ही नहीं है।





