सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र में देर रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन बच्चों सहित कुल 16 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में 13 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा 24 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे भीतरी गांव के पहाड़ी क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु जिरही माता मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।
ALSO READ:सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का बड़ा ऐलान ! 2027 में अखिलेश यादव देंगे हर घर में एक नौकरी
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सीएचसी चोपन पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और 13 घायलों को सिर व सीने में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति अब नियंत्रण में है।
सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वाहन चालक नशे में था, जिसकी पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





