राजधानी लखनऊ में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मड़ियांव थाना क्षेत्र के साईं सिटी कॉलोनी (नियर चिल्ड्रन एकेडमी) में उस समय हड़कंप मच गया जब एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के निजी मकान में चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने एसडीएम के मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर अंदर घुसकर नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
ALSO READ:छठ महापर्व की भीड़ संभालने में जुटा रेलवे प्रशासन, सीसीटीवी से रखी जा रही निगरानी
सरकारी अफसर का घर भी नहीं सुरक्षित, पुलिस की गश्त पर लगा सवालिया निशान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि जब सरकारी अफसर के घर की सुरक्षा तक दुरुस्त नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का भरोसा कौन देगा? इलाके में पुलिस की गश्त और चौकसी के तमाम दावे इस वारदात ने बेनकाब कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मड़ियांव इलाके में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, बावजूद इसके पुलिस महज गश्त और सख्ती के दावे करती नज़र आती है। चोरों ने जिस तरह से एसडीएम के घर को निशाना बनाया, उससे साफ है कि अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि अब देखने वाली बात यह होगी कि एसडीएम के घर में हुई चोरी के बाद पुलिस कितनी सक्रियता दिखाती है और क्या इस वारदात का खुलासा जल्द हो पाएगा या यह मामला भी बाकी मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।



