धान की भूरी से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हुआ
फतेहपुर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, धान की भूरी से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रही वैगनआर कार पर पलट गया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैगनआर कार कानपुर की ओर जा रही थी। उसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में ट्रेलर असंतुलित हो गया और पलटकर कार पर गिर पड़ा। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह ट्रेलर के नीचे दब गई।
तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाया गया। इसके बाद कार से दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक युवक की हालत नाजुक
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





