उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार रात एक 24 वर्षीय विवाहिता अनीता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव ससुराल के कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कमरे से मिली लाश, गले पर कटे के निशान
घटना थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव रिछौला किफायतुल्लाह की है। एसपी नॉर्थ बरेली मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला अपने ससुराल में मृत पाई गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के गले पर धारदार हथियार से कटे हुए निशान मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके से सबूत जुटाए गए हैं।
Also Read-मंदिर गई महिला को सिपाही ने पीटा फोन तोड़ा, थप्पड़ मारे..किया बेइज्जत
ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप, पति-देवर गिरफ्तार
पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। शिकायत में पति, सास, ससुर और दो अन्य पर हत्या का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पति अनिल और देवर सचिन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की भी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, अनीता की शादी को सिर्फ एक साल ही हुआ था। वह पति अनिल और छोटे देवर सचिन के साथ रहती थी।पति ने बताया कि मंगलवार को वह और उसका भाई काम पर गए थे, घर पर अनीता अकेली थी। शाम को जब वे लौटे तो घर बाहर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर अनीता की लाश पड़ी मिली।
मायके वालों का आरोप — कार की कर रहे थे मांग
अनीता के मायकेवालों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वह उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्या का खुलासा किया जाएगा।



