आरजेडी एक्सपायरी दवा है, 15 साल में इलाज नहीं हुआ
प्रशांत किशोर ने कहा कि आरजेडी अब एक्सपायरी दवा बन चुकी है। 15 साल तक शासन में रहने के बावजूद राज्य का इलाज नहीं हुआ, बल्कि अपहरण और रंगदारी से बिहार बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई एनडीए से है, क्योंकि सत्ता में वही हैं। अगर जनता को बदलाव चाहिए तो जंगलराज नहीं, जन सुराज को मौका दीजिए।
फिर आरजेडी को वोट देंगे तो अपहरण-रंगदारी के लिए तैयार रहिए
जब पत्रकारों ने पूछा कि तेजस्वी यादव भी मधेपुरा आने वाले हैं, तो पीके ने कहा कि लोकतंत्र है, सबको आने की आज़ादी है। लेकिन अगर फिर आरजेडी को वोट दीजिएगा तो अपहरण-रंगदारी के लिए तैयार रहिए। शेर बूढ़ा हो जाएगा तो मांस ही खाएगा, दूध नहीं पिएगा।
तेजस्वी के माता-पिता ने बिहार लूटा, जानवरों का भी चारा खा गए
जन सुराज प्रमुख ने लालू-राबड़ी राज पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव के माता-पिता ने पूरा बिहार लूटा, यहां तक कि जानवरों का भी चारा खा गए। अपने शासन में उन्होंने पांच लाख नौकरी तक नहीं दी। अब लालटेन का जमाना खत्म हो चुका है, लोगों को अब अपने बच्चों के लिए स्कूल का बस्ता चाहिए।
जन सुराज की सरकार बनी तो मजदूरी का बस्ता हटेगा, शिक्षा का बस्ता मिलेगा
प्रशांत किशोर ने कहा कि 14 तारीख को अगर जन सुराज की व्यवस्था बनती है तो बिहार के वे बच्चे जो छठ पर घर आए हैं, उन्हें फिर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा अगर अपने बच्चों की पीठ से मजदूरी का बस्ता हटाना है, तो इस बार जन सुराज के बस्ता छाप पर वोट करें।



