राजधानी लखनऊ के सबसे वीआईपी इलाके हजरतगंज में देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाला ही कानून को ठेंगा दिखाता नजर आया। ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान एक दरोगा ने न केवल ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से अभद्रता की, बल्कि सब-इंस्पेक्टर पर कार चढ़ाने की कोशिश कर दी।
हजरतगंज चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इसी दौरान कार से आ रहे दरोगा को मौके पर तैनात सब-इंस्पेक्टर ने निर्धारित मार्ग की ओर वाहन मोड़ने को कहा। इसी बात पर दरोगा भड़क गया और बहस करते हुए कार आगे बढ़ा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित से भी कार सवार दरोगा की तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ती देख डीसीपी ट्रैफिक ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल पुलिस जीप में बैठाकर थाने भेजने के निर्देश दिए।
डीसीपी ट्रैफिक के आदेश पर आरोपी दरोगा अमित जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी वर्तमान में बाराबंकी पुलिस लाइन में तैनात है। तलाशी के दौरान दरोगा की कार से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया
हजरतगंज पुलिस ने आरोपी दरोगा को हवालात में डाल दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, वहीं पूरे मामले की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।






