अमेठी। वर्ष 2025 के अंतिम दिन अमेठी जनपद के विवादित ड्रग इंस्पेक्टर (औषधि निरीक्षक) कमलेश मिश्र पर शासन की बड़ी कार्रवाई हुई है। कोडीन कफ सिरप से जुड़े एक प्रकरण में अनधिकृत रूप से मीडिया को बयान देने के मामले में शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर को कोडीन कफ सिरप प्रकरण में कमलेश मिश्र द्वारा मीडिया को बयान दिया गया था, जबकि शासनादेश के अनुसार ऐसे संवेदनशील मामलों में केवल अधिकृत अधिकारी को ही मीडिया से बातचीत करने का अधिकार है। शासन स्तर पर समीक्षा के दौरान उनका बयान नीति के विपरीत पाए जाने पर इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
निलंबन अवधि में ड्रग इंस्पेक्टर को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान ने निलंबन की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि कमलेश मिश्र पूर्व में भी विवादों में रहे हैं। कुछ माह पूर्व मुंशीगंज कोतवाली प्रभारी व पुलिसकर्मियों से हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसकी जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। ड्रग इंस्पेक्टर के निलंबन से जिले के दवा व्यवसायियों में संतोष देखा जा रहा है, वहीं शासन की इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






