Home Uttar Pradesh आज़म ख़ान की जोहर अली यूनिवर्सिटी से जुड़ा सरकारी गेस्ट हाउस कराया...

आज़म ख़ान की जोहर अली यूनिवर्सिटी से जुड़ा सरकारी गेस्ट हाउस कराया गया मुक्त

64
0

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान की जोहर अली यूनिवर्सिटी से जुड़े सरकारी गेस्ट हाउस को जिला प्रशासन ने मुक्त करा लिया है। जिला अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर अवैध रूप से लगाए गए 16 फीट चौड़े गेट को हटवाकर वहां दीवार का निर्माण करा दिया गया है।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि एपीजे अब्दुल कलाम गेस्ट हाउस से जोहर अली यूनिवर्सिटी को जोड़ने के लिए अवैध रूप से रास्ता बनाया गया था, जिसका उपयोग निजी संस्थान के हित में किया जा रहा था। मामला संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध आवागमन को पूरी तरह बंद करा दिया।

इस संबंध में जिला अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि एपीजे अब्दुल कलाम गेस्ट हाउस पूरी तरह सरकारी संपत्ति है और इसका उपयोग किसी भी निजी संस्था के लाभ के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अवैध गेट किसके आदेश पर और कब बनवाया गया, इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है, और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि करीब 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैले इस भव्य गेस्ट हाउस में दो बड़े पार्क, एक मीटिंग हॉल, पांच वीआईपी कमरे और जिम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। उल्लेखनीय है कि जिला अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने लगभग दो महीने पहले ही रामपुर का कार्यभार संभाला है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही उन्होंने सरकारी संपत्तियों से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई शुरू की है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में अन्य सरकारी संपत्तियों से जुड़े मामलों की भी जांच की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here