अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने द्वाराहाट में विधायक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मामले की तत्काल सीबीआई जांच की मांग की, घटगाड़ पुल से सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर मुख्य चौराहे तक आक्रोश रैली निकालते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए, रैली में विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला
मुख्य चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक मदन सिंह बिष्ट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के तुरंत बाद कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार ने अपने नेताओं को बचाने का प्रयास किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब पार्टी के पूर्व विधायक और उसकी कथित पत्नी द्वारा अपने नेताओं के नाम सार्वजनिक किए जा रहे हैं, तो सच्चाई सामने आ चुकी है, मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि यदि सरकार में थोड़ी भी शर्म बाकी है, तो इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
महिला विरोधी सरकार का आरोप
ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला और नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या ने भी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार को महिला विरोधी बताया, उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है।
सभा में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की और कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को अंतिम न्याय मिलने तक जारी रखेगी।





