मेरठ में हुई हालिया घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को नंबर वन बताने का दावा करती है और जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने की बात करती है, लेकिन मेरठ की घटना इन दावों की पोल खोलती है।
कमाल अख्तर ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश महिलाओं और दलितों के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। मेरठ की घटना यह साबित करती है कि प्रदेश में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामलों में पहले से ही देश में शीर्ष पर है और ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है।
सपा नेता ने आगे कहा कि सरकार ने प्रदेश में अपराधियों को खुली छूट दे रखी है। यदि सरकार वास्तव में गंभीर होती, तो पुलिस 48 घंटे के भीतर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर चुकी होती। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक आरोपियों पर कार्रवाई न होना सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


