Home वायरल-वीडियो मंदिर में चोरी कर भगवान से माफी मांगने वाला चोर गिरफ्तार, CCTV...

मंदिर में चोरी कर भगवान से माफी मांगने वाला चोर गिरफ्तार, CCTV वीडियो हुआ था वायरल

147
0

झांसी के गरौठा क्षेत्र में मंदिर में चोरी कर भगवान के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने वाला चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चोरी के बाद आरोपी के भावुक होकर भगवान से माफी मांगने का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

11 जनवरी की रात को हुई थी चोरी

यह घटना 11 जनवरी 2026 की रात की है, गरौठा थाना क्षेत्र के मढ़ां रोड स्थित एक मंदिर में चोर ने देर रात ताला तोड़कर प्रवेश किया, आरोपी ने मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा के श्रृंगार में चढ़े कीमती जेवरात चोरी कर लिए।

सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा मिला, मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पटेल ने तत्काल गरौठा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

पुलिस ने जांच के दौरान मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली वीडियो में एक युवक नीले रंग की हुडी और सिर पर कैप पहने मंदिर में दाखिल होता दिखा, वह मूर्तियों के पास जाकर एक-एक कर तलाशी लेता है, प्रतिमा पर रखे गर्म कपड़ों को हटाकर जेवरात चुराता है और फिर उन्हें वापस ढक देता है।

चोरी के बाद भगवान से मांगी माफी

CCTV फुटेज में देखा गया कि चोरी करने के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय आरोपी दो बार भगवान के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता है, यही दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध युवक लखेरी नदी के पुल के पास जंगल की ओर देखा गया है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिव मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान, जेवरात बरामद

गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम धर्मवीर सिंह, निवासी ग्राम गोहना, थाना गरौठा बताया, पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लोगों में चर्चा का विषय

मंदिर में चोरी और फिर भगवान के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, लोगों का कहना है कि अगर आरोपी को भगवान का डर था, तो उसने चोरी जैसा अपराध क्यों किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here