Home वायरल-वीडियो भ्रष्टाचार उजागर करना पड़ा भारी: हरदोई में शिकायतकर्ता को सड़क पर पीटा,...

भ्रष्टाचार उजागर करना पड़ा भारी: हरदोई में शिकायतकर्ता को सड़क पर पीटा, वीडियो वायरल

461
0

हरदोई: भ्रष्टाचार की शिकायत बनी जानलेवा, ग्राम प्रधान और समर्थकों पर युवक को बेरहमी से पीटने का आरोप

हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ ग्राम प्रधान पर भ्रष्टाचार की शिकायत करना एक युवक और उसके परिवार को भारी पड़ गया, आरोप है कि ग्राम प्रधान मोहम्मद नसीम और उसके समर्थकों ने सलीम नामक युवक की कार रोककर उस पर जानलेवा हमला किया, हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया पुलिस प्रशासन

घटना के शुरुआती चरण में पुलिस ने केवल प्रधान पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज किया था, लेकिन जब सड़क पर हुई बर्बर पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब बुधवार को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने कछौना थानेदार निर्भय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

RTI से खुला था 13.57 लाख का घोटाला

पीड़ित सलीम की पत्नी और अधिवक्ता फिरदौस जहां का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान के खिलाफ सूचना के अधिकार (RTI) के तहत शिकायत दर्ज कराई थी, जांच में करीब 13.57 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ था, जिसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान का बैंक खाता सीज कर दिया था। फिरदौस जहां का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी पहले भी दो बार उनके परिवार पर हमला कर चुके हैं, रविवार को जब सलीम अपने रिश्तेदारों के साथ पुलिस को सूचना देने जा रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में घेरकर हमला कर दिया, उनका दावा है कि पिटाई के बाद सलीम की आवाज तक चली गई है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि घटना के दिन दबंग प्रधान पति की शिकायत तो तुरंत दर्ज कर ली गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल सलीम की तहरीर लेने से पुलिस ने इनकार कर दिया। आरोप है कि प्रधान पति पर पहले से ही 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस से कथित सांठगांठ के चलते कार्रवाई में देरी हुई, वीडियो वायरल होने और जन दबाव बढ़ने के बाद ही पुलिस सक्रिय हुई।

आरोपी पक्ष ने आरोपों को बताया झूठा

वहीं, आरोपी प्रधान पति मोहम्मद नसीम ने सभी आरोपों को निराधार बताया है, उसका दावा है कि फिरदौस का परिवार उनसे चुनाव हार चुका है और चुनावी रंजिश के चलते उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। नसीम का कहना है कि सलीम और उसके साथियों ने उन पर डंडों से हमला किया, जिससे उन्हें सिर में चोट आई, हालांकि, वायरल वीडियो में प्रधान पक्ष की दबंगई साफ दिखाई दे रही है।

इलाके में तनाव, पुलिस कर रही दबिश

एएसपी पूर्वी सुबोध कुमार के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

https://itreesoftwares.in/filmitics/make-fun-of-those-who-have-a-protruding-belly-khesari-lal-made-a-controversial-statement-from-the-stage/