प्रयागराज माघ मेला से लौटकर काशी पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने एक बार फिर अपने तीखे और आक्रामक तेवर दिखाए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने गौहत्या, माघ मेला विवाद, UGC के नए नियमों और मौजूदा राजनीतिक हालात पर खुलकर बयान दिया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “हम खुद ही बुलडोजर हो गए हैं। जो भी गौहत्यारा सामने आएगा, उसके ऊपर बुलडोजर चलेगा। आओ बुलडोजर से भिड़ो,” उन्होंने माघ मेला विवाद को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि न तो किसी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई हुई, न कोई जांच हुई और न ही न्याय मिला, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आवाज़ दबने वाली नहीं है और आगे रणनीति बनाकर आंदोलन जारी रहेगा।
अजित पवार की मृत्यु पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कथित प्लेन क्रैश में मृत्यु और ममता बनर्जी द्वारा जांच की मांग पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि घटना संदेह पैदा करती है,
उन्होंने कहा कि अगर जनता के मन में शंका है तो सरकार का दायित्व है कि जांच कर सच्चाई सामने लाए, ताकि किसी भी तरह का भ्रम न रहे।
अमित शाह और अखिलेश यादव पर टिप्पणी
गृह मंत्री अमित शाह के सनातन धर्म वाले बयान पर उन्होंने कहा कि सरकार मंच से बड़ी बातें करती है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर सनातन का अपमान हो रहा है,
वहीं, अखिलेश यादव द्वारा प्रयागराज की घटना को “अनिष्टकारी” कहने पर उन्होंने कहा कि यज्ञ की पूर्णाहुति शंकराचार्य के स्नान से होती है, जो इस बार नहीं हो पाई और यही अनिष्ट है।
केशव मौर्य और पोस्टर विवाद पर जवाब
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की दूरी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का हिस्सा होने के नाते उन्हें साहस दिखाना चाहिए था, रायबरेली में उन्हें “पाकिस्तानी एजेंट” और “कलयुगी रावण” बताए जाने वाले पोस्टरों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि ये आरोप लगाने वाले कभी इसे साबित नहीं कर पाएंगे।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने साफ किया कि आने वाले समय में चारों शंकराचार्यों के समर्थन से गौ रक्षा को ही प्राथमिक मुद्दा बनाकर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।





