भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (14 जनवरी) को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। भारत की ओर से केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 112 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने भी अर्धशतक जड़ते हुए 53 गेंदों में 56 रन का योगदान दिया।
केएल राहुल ने 112रनों की पारी खेली इसके अलावा रविंद्र जडेजा ने 27 रन, रोहित शर्मा ने 24, विराट कोहली ने 23 और नितीश कुमार रेड्डी ने 20 रन बनाए। श्रेयस अय्यर 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हर्षित राणा 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोहम्मद सिराज 2 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में क्रिस्टियन क्लार्क सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। काइल जेमिसन, जाकारी फाउल्कस, जायडन लेनोक्स और माइकल ब्रेसवेल को 1-1 विकेट मिला। 285 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 286 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
न्यूजीलैंड की जीत के नायक डैरेल मिचेल रहे, जिन्होंने नाबाद 131 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। भारतीय गेंदबाज इस मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा ने शुरुआती ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने मैच पर पकड़ बना ली। हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला, जबकि स्पिन गेंदबाज असरदार साबित नहीं हो सके। इस मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया गया था, जहां वाशिंगटन सुंदर की जगह नितीश कुमार रेड्डी को मौका मिला। वहीं न्यूजीलैंड की ओर से जायडन लेनोक्स ने इस मैच से वनडे डेब्यू किया। अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।





