नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एक अधूरे मॉल के बेसमेंट में हुए दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है यह SIT मेरठ मंडलायुक्त के नेतृत्व में गठित की गई है।
टीम में मेरठ जोन के एडीजी और लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को भी शामिल किया गया है। SIT को पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए हैं।गौरतलब है कि नोएडा सेक्टर-150 में स्थित एक अधूरे मॉल के पानी से भरे बेसमेंट में कार गिरने से इंजीनियर युवराज की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही निर्माण कार्य, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि SIT पांच दिनों के भीतर अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपे। रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



