बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ ने अपने काम और पर्सनल लाइफ से ब्रेक लेने का ऐलान किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर फैंस और पैपराजी से रिक्वेस्ट की है कि उनकी तस्वीरें क्लिक न की जाएं।
नेहा ने पोस्ट में लिखा कि अब उन्हें जिम्मेदारी, रिश्तों, काम और अन्य चीज़ों से ब्रेक लेने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह वापस लौटेंगी या नहीं। नेहा ने अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने और उन्हें शांति देने की अपील की।

फिलहाल नेहा ने यह नहीं बताया कि उन्होंने ब्रेक क्यों लिया है। नेहा अक्सर किसी न किसी कारण से सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में उनका गाना “कैंडी शॉप” रिलीज हुआ था, जिसे उनके भाई टोनी कक्कड़ ने कंपोज किया था। इस गाने के बाद नेहा को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी।
नेहा अक्सर अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ म्यूजिक वीडियो बनाती हैं, जो चर्चा में रहते हैं। पर्सनल लाइफ की बात करें तो नेहा ने पंजाबी म्यूजिकल आर्टिस्ट रोहनप्रीत सिंह से अक्टूबर 2020 में शादी की थी। उनकी शादी और ब्राइडल लुक दोनों ही काफी वायरल हुए थे।

इसके अलावा, 2025 में नेहा की बहन सोनू कक्कड़ ने नेहा और टोनी के साथ रिश्ते तोड़ने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी, हालांकि बाद में सोनू फिर नेहा और टोनी के साथ फोटोज़ क्लिक करती नजर आई थीं।


