उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच ने मंगलवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। लंबे समय से नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की मांग कर रहे नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है, जिससे नाराज होकर वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं।
नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग नर्सिंग भर्ती को वर्षवार (ईयर वाइज) किए जाने की है। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर नर्सिंग स्टाफ बीते 45 दिनों से अधिक समय से धरने पर बैठा हुआ है। इस दौरान कई बार मुख्यमंत्री से वार्ता भी हुई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
नवल पुंडीर ने बताया कि वर्तमान में परीक्षा के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रिया को निरस्त किया जाए और 2500 से अधिक रिक्त पदों पर वर्षवार भर्ती की जाए, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
नवल पुंडीर, अध्यक्ष, नर्सिंग एकता मंच ने कहा कि
“हमारी एक ही मांग है कि नर्सिंग भर्ती को वर्षवार किया जाए। परीक्षा प्रणाली को समाप्त कर 2500 से ज्यादा पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती हो। हम 45 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक गंभीर नहीं दिख रही।”
नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



