मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के एक शर्मनाक और आपत्तिजनक बयान को लेकर उत्तराखंड भाजपा में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। विधायक बरैया ने बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को जाति और धर्म से जोड़ते हुए दावा किया कि दलित और पिछड़ी जातियों की महिलाओं के साथ रेप ‘पुण्य कमाने’ के लिए किया जाता है।
इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड भाजपा ने कांग्रेस विधायक के बयान को महिलाओं का अपमान और समाज को बांटने वाला करार दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कांग्रेस विधायक और पार्टी नेतृत्व पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि इस तरह के बयान बेहद शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि विधायक फूल सिंह बरैया और कांग्रेस पार्टी को देश की महिलाओं से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता पूरी तरह दिवालिया हो चुकी है और वह लगातार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बयानबाजी कर रही है।
कमलेश रमन ने कहा कि इस बयान की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सामने आकर देश की जनता और महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस से इस बयान पर तत्काल स्पष्टीकरण और संबंधित विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




