दुनिया में कई धर्म हैं और हर धर्म में जन्म से लेकर मृत्यु तक अलग-अलग परंपराएं और नियम होते हैं, खासतौर पर अंतिम संस्कार को लेकर सभी धर्मों की अपनी मान्यताएं हैं, कहीं शव को जलाया जाता है, तो कहीं दफनाया जाता है। कुछ प्राचीन परंपराओं में शव को प्रकृति के हवाले भी कर दिया जाता था।
हिंदू धर्म में सामान्यतः मृत्यु के बाद शव का अग्नि संस्कार किया जाता है, मान्यता है कि शरीर पंचतत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से मिलकर बना है, इसलिए अग्नि के माध्यम से उसे फिर से इन्हीं तत्वों में विलीन कर दिया जाता है, धार्मिक ग्रंथों, विशेषकर गरुड़ पुराण में मृत्यु के बाद की क्रियाओं का उल्लेख मिलता है मान्यता के अनुसार, अग्नि संस्कार आत्मा को मोह-माया से मुक्त करने का एक माध्यम माना जाता है, इसलिए अंतिम संस्कार के दौरान कुछ विशेष विधियां की जाती हैं, जैसे आंखें बंद करना और शरीर को विधि-विधान से अग्नि को समर्पित करना।
हालांकि, छोटे बच्चों के मामले में परंपरा कुछ अलग है, माना जाता है कि लगभग 27 महीने तक के बच्चे सांसारिक मोह-माया से पूरी तरह जुड़े नहीं होते। वे मासूम और निष्पाप माने जाते हैं, इसी कारण कई स्थानों पर उनके शव का दाह संस्कार करने के बजाय दफनाया जाता है, यदि मृत्यु गंगा जैसे पवित्र स्थान के आसपास हो, तो कुछ परंपराओं में शरीर को जल में प्रवाहित करने की भी मान्यता है इसी तरह, साधु-संतों के लिए भी कई जगह दाह संस्कार की बजाय दफनाने की परंपरा देखी जाती है, मान्यता है कि उन्होंने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर दिया होता है, इसलिए उनके शरीर को जलाने की आवश्यकता नहीं मानी जाती, ध्यान देने वाली बात यह है कि ये सभी मान्यताएं परंपराओं और क्षेत्रीय रीति-रिवाजों पर आधारित हैं, अलग-अलग परिवारों और समुदायों में इनमें कुछ अंतर भी देखने को मिल सकता है, हिंदू धर्म की विविधता ही इसकी विशेषता है, जहां अलग मान्यताओं के बावजूद आस्था और परंपरा का सम्मान किया जाता है।



