Home Breaking News गंगा किनारे बालू में दबा नर कंकाल मिलने से हड़कंप, 7 माह...

गंगा किनारे बालू में दबा नर कंकाल मिलने से हड़कंप, 7 माह पुरानी गुमशुदगी से जुड़ रहे तार

7
0

फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित ग्राम कुबेरपुर घाट पर उस समय सनसनी फैल गई जब गंगा किनारे बालू में दबा एक नर कंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार, गंगा में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बालू में आधे दबे कंकाल को देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर थाना मऊदरवाजा के प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल को सावधानीपूर्वक बालू से बाहर निकाला और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग सात महीने पहले इसी क्षेत्र से एक चौकीदार बाढ़ के दौरान लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। इस मामले में गुमशुदगी दर्ज होने के साथ दो लोगों पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था। अब कंकाल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह वही लापता चौकीदार हो सकता है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट और जांच निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here