रामपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शाहबाद गेट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर नमाज अदा करनी शुरू कर दी। इस वजह से मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक सड़क के बीच नमाज पढ़ने लगा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बाद में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि सड़क पर नमाज पढ़ने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से बचें, ताकि कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।





