देहरादून के परेड ग्राउंड में नारी शक्ति बंधन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को निर्णय-निर्माण में समान भागीदारी देने की दिशा में नारी शक्ति बंधन अधिनियम एक ऐतिहासिक पहल साबित हो सकता था, लेकिन विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसे सफल नहीं होने दिया।
सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष का यह रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है और यह महिलाओं के अधिकारों एवं उनकी आकांक्षाओं के प्रति उनकी वास्तविक सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी देश में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया जाता है, तब-तब विपक्ष किसी न किसी बहाने से उसे रोकने या कमजोर करने की कोशिश करता है।
रैली के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा भी निकाली और सरकार के पक्ष में समर्थन जताते हुए विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे पर वह आगे भी इसी तरह मुखर होकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।





