जनपद मऊ के थाना दोहरीघाट क्षेत्र में बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में वाहन में मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड नंबर (JH 21G3927) की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर अपनी लेन से निकलकर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर (BR 28GB2171) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार परिवार रांची में अपनी पुत्री की शादी संपन्न कराकर वापस लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुःख जताया है।





