नारी शक्ति संशोधन अधिनियम को लेकर उत्तराखंड की सियासत लगातार गर्माई हुई है। संसद में बिल गिरने के बाद अब राज्य सरकार ने 28 अप्रैल को एकदिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसी मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने भाग लिया।
बैठक के दौरान रणनीति तय की गई कि विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाए जाने के बाद महिला मोर्चा देहरादून की सड़कों पर उतरकर मशाल जुलूस निकालेगा। इसके जरिए विपक्ष, खासकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को घेरने की तैयारी की जा रही है।
कुल मिलाकर, इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा संगठन और सरकार दोनों ही आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और इसे जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।






