Home Crime फर्जी फर्मों का जाल: 150 करोड़ से ज्यादा की ठगी में पिता-पुत्र...

फर्जी फर्मों का जाल: 150 करोड़ से ज्यादा की ठगी में पिता-पुत्र गिरफ्तार, कई बड़े खुलासे

9
0

कानपुर कमिश्नरेट की पूर्वी जोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, लोगों के नाम से नकली फर्में बनाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर गिरोह के दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में पिता-पुत्र महताब आलम (50) और मासूम अली (25) शामिल हैं, दोनों थाना जाजमऊ के रामराय की सराय के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार इस पूरे धोखाधड़ी के मामले में स्लाटर हाउस के कैश रकम का इस्तेमाल किया गया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने आज प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि थाना चकेरी पुलिस, साइबर सेल व सर्विलांस टीम ने यह कार्रवाई किया गया है जिसमें दो अभियुक्त गिरफ्तार किए गए है। अभियुक्त महताब आलम को थाना चकेरी क्षेत्र के रामादेवी से और मासूम अली को जाजमऊ बुरादा ग्राउंड से गिरफ्तार किया गया।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को निखिल कुमार ने थाना चकेरी में शिकायत दर्ज कराई कि वह कम पढ़ा-लिखा मजदूर है। उसके दोस्तों ने उसके आधार-पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर उसके नाम से फर्जी सिम कार्ड और जीएसटी नंबर हासिल कर ‘रवि इंटरप्राइजेज’ के नाम से फर्जी फर्म बना ली। इस फर्म से पिछले छह माह में कुल 7,75,07,283 रुपये का लेन-देन किया गया।

वहीं, जांच में और चौंकाने वाले खुलासे हुए। अभियुक्तों के खिलाफ थाना जाजमऊ में भी कई मामले दर्ज हैं:

  1. अल्फिसा इंटरप्राइजेज के नाम से फर्जी फर्म बनाकर 146 करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया।
  2. आरती इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म बनाई गई। आरती नाम की बीमार महिला को अस्पताल में कार्ड बनवाने का झांसा देकर उसके दस्तावेज हासिल किए गए।
  3. राजा इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म बनाकर शहनवाज नाम के व्यक्ति के साथ भी धोखाधड़ी की गई।

अभियुक्तों पर दर्ज मामले:

· मुकदमा संख्या 268/2026, थाना चकेरी (धारा 308(5), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 351(3), 61(2) BNS)
· मुकदमा संख्या 70/2026, थाना जाजमऊ
· मुकदमा संख्या 71/2026, थाना जाजमऊ
· मुकदमा संख्या 76/2026, थाना जाजमऊ

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का अन्य आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में थाना चकेरी व जाजमऊ पुलिस, सर्विलांस टीम के अलावा साइबर सेल के उपनिरीक्षक पुनीत तोमर, कांस्टेबल शिवनरेश और सौरभ पांडेय शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here