पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में इस समय बीजेपी बढ़त बनाए हुए नजर आ रही है, लेकिन Mamata Banerjee का दावा है कि अंतिम चरण की मतगणना के बाद जीत उनकी पार्टी की ही होगी। मतगणना के बीच ममता बनर्जी ने कहा कि अभी पूरी काउंटिंग होने दीजिए, आखिरी राउंड के बाद परिणाम उनके पक्ष में आएगा और टीएमसी ही सरकार बनाएगी।
294 विधानसभा सीटों वाले बंगाल में अब तक 279 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं, दोपहर करीब 1 बजे तक बीजेपी 183 सीटों पर आगे चलती दिखाई दी, जबकि टीएमसी केवल 91 सीटों पर बढ़त बनाए हुए नजर आई। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी करीब 17,371 वोटों से आगे चल रही हैं, सातवें राउंड की गिनती तक उन्हें 32,822 वोट मिले, वहीं उनके प्रतिद्वंदी Suvendu Adhikari को 15,451 वोट हासिल हुए।
दूसरी ओर नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी 3,874 वोटों की बढ़त के साथ आगे हैं, चौथे राउंड तक उन्हें 29,202 वोट मिले हैं।
इसी बीच बीजेपी की बढ़त से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के आवास के बाहर “जय श्रीराम” के नारे लगाए, माहौल जश्न जैसा नजर आने लगा है। राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है, यही कारण है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नेताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है, जबकि टीएमसी इस चुनाव में पीछे जाती दिख रही है और उसके कई मंत्री भी अपनी-अपनी सीटों पर पिछड़ते नजर आ रहे हैं।






