आम आदमी पार्टी छोड़कर राघव चड्ढा के भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद उनके तेवर और भी आक्रामक नजर आ रहे हैं। शुक्रवार (08 मई 2026) को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी।

अपने बयान में उन्होंने कहा कि पड़ोसी बदले नहीं जा सकते, लेकिन अगर पड़ोसी पाकिस्तान जैसा हो, तो उसे सुधारने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की लड़ाई सिर्फ पाकिस्तान से नहीं, बल्कि आतंकवाद और बर्बर मानसिकता के खिलाफ है। साथ ही भारतीय सेना के साहस और पराक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार आतंकवाद को खत्म करके ही दम लिया जाएगा।
उन्होंने सीमाओं पर तैनात सैनिकों के परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाने की अपील की और कहा कि देश को हर परिस्थिति में मजबूत बनकर खड़ा रहना चाहिए। भारत की नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने दोहराया कि देश न तो पहले किसी को उकसाता है और न ही बाद में किसी को छोड़ता है।पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे मानवता पर धब्बा बताया और सेना द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने नागरिकों के खून का जवाब देना शुरू कर दिया है और सेना पूरी ताकत से जवाब दे रही है।
राघव चड्ढा ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि भारत पहले भी 1971 और 1999 जैसे मौकों पर पाकिस्तान को करारा जवाब दे चुका है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी भारत पीछे नहीं हटेगा और पाकिस्तान को अपनी हरकतों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
अपने बयान के अंत में उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान नहीं सुधरा, तो भारत उसे कड़ा सबक सिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि हालात ऐसे बन सकते हैं कि काशी से लेकर इस्लामाबाद तक भारत की ताकत दिखाई दे।






