भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार Pawan Singh की पत्नी Jyoti Singh ने लंबे समय बाद अपने वैवाहिक रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। एक यूट्यूब इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने अपनी निजी जिंदगी, तलाक की प्रक्रिया और बीते कई सालों के दर्द को साझा करते हुए कई भावुक बातें कहीं। उनका कहना है कि उन्होंने इस रिश्ते में अपने जीवन के अनमोल आठ साल खो दिए और अब शादी के नाम से ही डर लगने लगा है।
पटना में अपने माता-पिता के साथ रह रहीं ज्योति ने बताया कि इस समय उनकी जिंदगी एक ऐसे मोड़ पर है, जहां न कोई खास खुशी है और न ही पूरी तरह सुकून। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल खुद को संभालने और मानसिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश कर रही हैं।
‘8 साल बर्बाद हो गए’
इंटरव्यू के दौरान ज्योति सिंह ने कहा कि शुरुआत में वह अपने रिश्ते को बचाना चाहती थीं और चाहती थीं कि दोनों साथ रहें, लेकिन बाद में कोर्ट में पवन सिंह की ओर से साफ कर दिया गया कि वह यह रिश्ता आगे नहीं निभाना चाहते। इसी बात ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया।ज्योति ने कहा, “अगर अलग ही होना था तो पहले दिन ही छोड़ देते। मेरे जीवन के आठ साल इस रिश्ते में चले गए। आज मेरी छोटी बहनों की गोद में बच्चे हैं और मेरी जिंदगी जैसे ठहर सी गई है।”उन्होंने यह भी कहा कि अब वह तलाक के कागजों पर आसानी से साइन नहीं करना चाहतीं, क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके साथ जो हुआ, वैसा किसी दूसरी लड़की के साथ नहीं होना चाहिए।
Also Read- पैतृक गांव पंचूर में योगी का भावनात्मक जुड़ाव, संस्कृति के संग दिया ‘डबल इंजन’ का सियासी संदेश
‘अब किसी और की जिंदगी खराब न हो’
ज्योति सिंह ने बातचीत में यह भी कहा कि वह नहीं चाहतीं कि भविष्य में किसी और लड़की को भी उसी दर्द से गुजरना पड़े, जिससे वह खुद गुजरी हैं। उन्होंने संकेतों में कहा कि वह पवन सिंह की दूसरी या तीसरी शादी को लेकर भी सहज नहीं हैं। उनका कहना था कि रिश्ते में सम्मान और समझ सबसे जरूरी चीज होती है, लेकिन जब एक पक्ष दूसरे की भावनाओं को समझना बंद कर दे, तो रिश्ता धीरे-धीरे खत्म होने लगता है।
पवन सिंह की पसंद पर कसा तंज
इंटरव्यू के दौरान जब ज्योति से पूछा गया कि आखिर पवन सिंह को कैसी लड़की पसंद है, तो उन्होंने तंज भरे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शायद उन्हें ऐसी लड़की चाहिए, जो फोन न चलाती हो, हर बात चुपचाप सुनती रहे और कभी अपनी राय न रखे।ज्योति ने कहा, “उन्हें ऐसी लड़की चाहिए जो घूंघट में रहे और पति चाहे कुछ भी कहे, बस सिर झुकाकर सुनती रहे। शायद उन्हें गूंगी और बहरी लड़की पसंद आए, क्योंकि वह किसी की सही बात सुनना ही नहीं चाहते।”
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
ज्योति सिंह के इस इंटरव्यू के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। कई लोग उनके समर्थन में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे निजी मामला बता रहे हैं।हालांकि, Pawan Singh की ओर से अब तक इस इंटरव्यू या आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में फैंस की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या पवन सिंह इन आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ेंगे या नहीं।






