Home Political news सपा सांसद की टिप्पणी पर सियासत गरम, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव...

सपा सांसद की टिप्पणी पर सियासत गरम, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर बोला तीखा हमला

26
0

समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और उसके सहयोगी दल लगातार सपा और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। इसी क्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

राजभर ने पोस्ट करते हुए कहा कि अखिलेश यादव लोगों का “ब्रेन वॉश” करने में माहिर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “पाकिस्तान के एबटाबाद का मौलाना भी उनके सामने फेल है।” राजभर ने दावा किया कि वह खुद अखिलेश यादव के साथ गठबंधन में रह चुके हैं, इसलिए उनके तौर-तरीकों को अच्छी तरह जानते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं द्वारा अभद्र भाषा, मारपीट और हिंसक घटनाएं करना “रूटीन वर्क” बन चुका है और योगी सरकार में ऐसे लोग लगातार जेल भी जा रहे हैं। राजभर ने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव किसी को उकसाएं तो वह “ह्यूमन बम” की तरह भी व्यवहार कर सकता है।

हमीरपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर राजभर ने कहा कि यह केवल सांसद की व्यक्तिगत भाषा नहीं, बल्कि “अखिलेश यादव की सोच और शब्द” हैं। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय, शर्मनाक और असहनीय बताया।

राजभर ने यूपी सरकार और यूपी पुलिस से मांग की कि “ऐसी गंदी सोच रखने वाले व्यक्ति” के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here