समाजवादी पार्टी संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष
अपर्णा यादव के पति थे। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर फैल गई। समाजवादी पार्टी के नेताओं समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी दुख जताया है। समर्थकों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव का निधन लखनऊ में हुआ। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, समर्थकों और करीबी लोगों का घर पर पहुंचना शुरू हो गया।
प्रतीक यादव अपने शांत स्वभाव और सामाजिक गतिविधियों के लिए जाने जाते थे। उनके निधन को यादव परिवार के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।






