बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र में पत्नी की मौत के नौ दिन बाद पति का शव भी फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जैदपुर थाना क्षेत्र के रहीमाबाद निवासी 28 वर्षीय मिथुन का शव गुरुवार भोर में घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सोहिलपुर मार्ग पर एक आम के पेड़ से लटकता मिला। खेतों की ओर गए किसानों ने शव देखा तो गांव में सूचना फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक मिथुन अपनी पत्नी राधिका की मौत के बाद से गहरे सदमे में था। राधिका का शव 5 मई को घर के अंदर फंदे से लटका मिला था। बुधवार को उसका कर्मकांड आयोजित किया गया था, जिसमें मिथुन भी शामिल हुआ था। लेकिन अगले ही दिन सुबह उसका शव भी फंदे से लटका मिलने से परिवार पूरी तरह टूट गया।
बताया जा रहा है कि मिथुन पिकअप वाहन चलाने का काम करता था। इसी दौरान उसका राधिका से प्रेम संबंध हुआ था। दोनों ने करीब दो साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी और अलग रहकर जीवन यापन कर रहे थे। परिवार के अनुसार मिथुन ने तरक्की के लिए फाइनेंस पर पिकअप गाड़ी ली थी। उसकी किस्तों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद राधिका ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की मौत के बाद मिथुन लगातार तनाव और अवसाद में रहने लगा था। अब पति-पत्नी दोनों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद ने नौ दिन के भीतर एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया।






