Home Breaking News लखनऊ में तालाब में डूबने से 13 साल के किशोर की मौत,...

लखनऊ में तालाब में डूबने से 13 साल के किशोर की मौत, दोस्तों के साथ गया था नहाने

10
0

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है,किसान पथ किनारे बने एक तालाब में नहाने गए 13 साल के किशोर की डूबने से मौत हो गई, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था, नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, साथ मौजूद बच्चों ने जब शोर मचाया तो स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, बाद में एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया।

जलकुंभी की वजह से रेस्क्यू में आई दिक्कत

तालाब में अत्यधिक जलकुंभी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी हुई, एसडीआरएफ टीम को किशोर की तलाश में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, काफी प्रयासों के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल पीजीआई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

7वीं क्लास का छात्र था जितेंद्र

मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र राकेश निवासी ग्राम सभा खेड़ा कल्ली पश्चिम, लखनऊ के रूप में हुई है, वह Sacred Heart Convent High School में कक्षा 7 का छात्र था, मृतक के पिता राकेश ने बताया कि परिवार में चार बेटियों अनीता, सुजीता, विनिता और निधि के बाद दो बेटे जितेंद्र और मनीष हैं, जितेंद्र परिवार में पांचवें नंबर पर था।

परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों भाई स्कूल गए थे, स्कूल से लौटने के बाद खाना खाकर जितेंद्र अपने छोटे भाई मनीष और दोस्तों के साथ तालाब में नहाने चला गया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here