Home Breaking News चंबल के युवक की दोस्ती में अमेरिका से गोंडा पहुंचे फिटनेस स्टार...

चंबल के युवक की दोस्ती में अमेरिका से गोंडा पहुंचे फिटनेस स्टार कौन हैं एश्टन हॉल?

4
0

अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर एशटन हॉल उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचे। सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स रखने वाले एशटन हॉल ने यहां पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह से मुलाकात की और भारतीय खेल संस्कृति को करीब से जाना। इस दौरान उन्होंने युवा पहलवानों से बातचीत की, बच्चों के साथ क्रिकेट खेला और फिटनेस को लेकर अहम संदेश दिए।

दरअसल, एश्टन हॉल का भारत दौरा किसी विज्ञापन या बड़े कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि दोस्ती की एक दिलचस्प कहानी है। मध्य प्रदेश के चंबल क्षेत्र के मुरैना जिले के बामोर निवासी योगेंद्र कुशवाह लंबे समय से एश्टन हॉल से प्रेरित होकर सोशल मीडिया पर फिटनेस वीडियो बनाते थे। साधारण मोबाइल फोन और देसी अंदाज में बनाए गए उनके वीडियो धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।

योगेंद्र की मेहनत उस समय रंग लाई जब उनका एक वीडियो खुद एश्टन हॉल की नजर में आया। एश्टन ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा करते हुए कहा था कि यदि यह वीडियो ज्यादा लोगों तक पहुंचा तो वे भारत आकर योगेंद्र से जरूर मिलेंगे। देखते ही देखते वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया और आखिरकार एश्टन ने अपना वादा निभाते हुए भारत का दौरा किया।

भारत पहुंचने के बाद एश्टन हॉल सबसे पहले ग्वालियर पहुंचे इसके बाद वे योगेंद्र कुशवाह के साथ चंबल क्षेत्र पहुंचे और वहां की संस्कृति व जीवनशैली को करीब से देखा। दोनों ने यात्रा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया। इसके बाद हॉल उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले पहुंचे। गोंडा के नंदिनी नगर महाविद्यालय में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। उनके साथ आए विदेशी मेहमानों का भी स्वागत किया गया।

मुलाकात के दौरान खेल, फिटनेस और युवाओं के भविष्य को लेकर लंबी चर्चा हुई। इसके बाद बृजभूषण शरण सिंह एश्टन हॉल को भारतीय कुश्ती संघ के प्रशिक्षण केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने अभ्यास कर रहे युवा पहलवानों से मुलाकात की। एश्टन ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और फिटनेस से जुड़े कई सुझाव भी दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here