Home Accident अवैध खनन के ट्रैक्टर ने छीनी युवक की जिंदगी, पुलिस की देरी...

अवैध खनन के ट्रैक्टर ने छीनी युवक की जिंदगी, पुलिस की देरी पर भड़के ग्रामीण

3
0

पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में अवैध खनन से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक युवक की जान ले ली। दर्दनाक हादसे के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस के देर से मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्र में लगातार चल रहे अवैध खनन पर सवाल खड़े किए।जानकारी के मुताबिक जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव सेंजना निवासी 24 वर्षीय कुलदीप सब्जी बेचने का काम करता था। रोज की तरह वह ललौरीखेड़ा ब्लॉक गेट पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भिंडी बेचने गया था। देर शाम बाजार खत्म होने के बाद कुलदीप बाइक से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह हरी चुहिया और सेंजना गांव के बीच पहुंचा, तभी मिट्टी से भरी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि कुलदीप ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया। सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी।घटना की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इसी बात को लेकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।

ALSO READ:सहारनपुर में सांसद इकरा हसन का धरना, पीड़ित पक्ष को जेल भेजने पर पुलिस से तीखी भिड़ंत

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है। खनन माफियाओं के ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन-रात गांव और मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते रहते हैं, जिससे आम लोगों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है। लोगों का कहना था कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग कोई सख्त कार्रवाई नहीं करते, जिसके चलते खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की गई होती, तो आज एक युवक की जान नहीं जाती। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही और खनन माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप भी लगाए।काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नाराज ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

इस मामले में जहानाबाद थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल युवक की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि ग्रामीण अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here